पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। गांव निवासी 28 वर्षीय रिया का शव उसके घर के अंदर पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के समय घर पर मृतका का पति और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद नहीं मिले। विवाहिता की मौत को लेकर ग्रामीणों ने संदेह जताया है।
शुक्रवार सुबह एक छोटी बच्ची ने रिया को घर के अंदर पंखे से लटका देखा। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर फैलते ही गांव में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, रिया का मायका जौनपुर जिले के भादुरा गांव में है। बताया जाता है कि उसने कृष्ण कुमार मिश्र पुत्र रामदुलार मिश्र से अंतरजातीय विवाह किया था। ग्रामीणों के अनुसार, रिया कृष्ण कुमार की तीसरी पत्नी थी, जबकि उसकी दो अन्य पत्नियां भी हैं। उनमें से एक के साथ मुकदमा चलने की बात भी सामने आई है। घटना को लेकर गांव के कुछ लोगों ने दावा किया कि बीती रात घर से मारपीट की आवाजें सुनाई दे रही थीं। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार के सदस्यों के व्यवहार को लेकर भय के कारण कोई बीच-बचाव करने नहीं गया।
कुछ लोगों ने विवाहिता की मौत पर संदेह जताते हुए परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। ग्रामीणों के बीच परिवार में कई शादियों और वैवाहिक विवादों को लेकर भी चर्चा है। ऐसे में विवाहिता की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मौत के कारणों का पता जांच पूरी होने और साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही चल सकेगा परन्तु घटना के समय घर पर मृतका का पति और परिवार के अन्य सदस्य नहीं मिले। इस परिस्थिति ने मामले को लेकर ग्रामीणों की शंकाओं को और बढ़ा दिया है। हालांकि, परिवार के सदस्यों की अनुपस्थिति मात्र से किसी की संलिप्तता साबित नहीं होती।
महराजगंज पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *