फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम चकनूरी में एक ट्रक की टक्कर से विद्युत विभाग की एलटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे आसपास के कई घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मामले में विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने थाना फूलपुर में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।
विद्युत विभाग के अनुसार, 5 अक्टूबर को सुबह करीब 9.30 बजे एक ट्रक ने एलटी लाइन में टक्कर मार दी, जिससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में एलटी लाइन क्षतिग्रस्त पाए जाने की पुष्टि हुई।
अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि लाइन क्षतिग्रस्त होने से कई घरों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त कराने के लिए प्राक्कलन तैयार कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। वहीं क्षति की भरपाई वाहन स्वामी से कराए जाने की बात कही गई है। विद्युत विभाग ने पुलिस से मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय