बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकासखंड कोयलसा के धनघटा गांव में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव ने लाखों रुपये की लागत से बनी सीसी रोड का फीता बेटियों के हाथों कटवाकर लोकार्पण कराया। कार्यक्रम में विकास कार्य के साथ ही सियासी तेवर भी खूब दिखाई दिए। विधायक ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि सरकार संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। चुनाव आयोग की ओर से एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण है और इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से सात अक्तूबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में भारी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने का आरोप लगाया।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य बलराम यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सात अक्तूबर के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधायक और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर लोगों को जागरूक किया है। उन्होंने कहा कि यदि जनता के मताधिकार पर हमला होगा तो उसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रामधारी यादव ने कहा कि अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए सभी को एकजुट होना होगा। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जनता को एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष करना होगा। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र यादव ने सभी अतिथियों और आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव, हर-हर महादेव, हरिलाल राजभर, चेयरमैन सुभाष जायसवाल, कन्हैया गौड़, रमेश प्रजापति राजेंद्र राम, मुन्ना यादव, उदयराज यादव, अरविंद प्रजापति, लछिराम वर्मा, प्रमोद सिंह, सिकंदर राजभर, श्रवण समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह