आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रेलवे सुरक्षा बल आजमगढ़ की ओर से ट्रेनों पर पत्थर फेंकने की घटनाओं की रोकथाम और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को ट्रेनों पर पत्थर फेंकने से होने वाले नुकसान और इसके गंभीर परिणामों के बारे में जानकारी दी गई।
रेसुब आजमगढ़ प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार राय के निर्देशन में चौकी शाहगंज के चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में कांस्टेबल बाबूराम ने खोरासन रोड और सरायमीर रेलवे स्टेशन के मध्य रेलवे ट्रैक के आसपास अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे लाइन के पास से गुजर रहे राहगीरों को रोककर उन्हें समझाया गया कि चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंकने से यात्रियों को गंभीर चोट लग सकती है तथा खिड़की के शीशे टूटने से जान-माल का नुकसान भी हो सकता है। लोगों से अपने बच्चों को भी ऐसी गतिविधियों से दूर रखने और उन्हें जागरूक करने की अपील की गई। इसके बाद सरायमीर स्टेशन के समीप स्थित खरेवा गांव में ग्राम प्रधान शाकिर की मौजूदगी में ग्रामीणों को एकत्र कर जागरूक किया गया।
अभियान के क्रम में टीम गंगा प्रसाद इंटर कॉलेज, जगदीशपुर पहुंची। वहां कार्यवाहक प्रधानाचार्य जितेंद्र प्रताप सिंह के सहयोग से सैकड़ों छात्र-छात्राओं को एकत्र कर ट्रेनों पर पत्थर फेंकने के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वापसी के दौरान शाहगंज क्षेत्र में गेट संख्या 69 स्पेशल के पास भी जन जागरूकता अभियान चलाया गया। चौकी प्रभारी अनिल कुमार यादव ने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति ट्रेन पर पत्थर फेंकता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार