143750 रुपये खर्च के बाद भी नहीं साफ हो सकी चकमार्ग की पटरियां

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गांवों में खड़ंजा मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर उगी झाड़-झंखाड़ व घास की सफाई नहीं होने की खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर सुदनीपुर गांव में तीन दिन में 115 सफाईकर्मियों को सफाई के लिए लगाया गया। दावा है कि इन सफाईकर्मियों पर करीब 143,750 रुपये का खर्च आया, लेकिन बारिश के बीच कई घंटे काम करने के बावजूद करीब इंटरलॉकिंग चकमार्ग की दोनों पटरियों तथा पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय परिसर पर उगी घास तक पूरी तरह साफ नहीं हो सकी।
ग्रामीणों के अनुसार सफाईकर्मी बारिश के बीच पहुंचे। आरोप है कि कई सफाईकर्मी पर्याप्त औजार के बिना आए और ग्रामीणों से हसिया व फावड़ा मांगते रहे। कुछ कर्मचारियों ने थोड़ी दूरी तक सफाई की, लेकिन बाद में वापस लौट गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उचित व्यवस्था और पर्याप्त संसाधनों के साथ सफाई कराई जाती तो मार्ग की पटरियों की सफाई आसानी से हो सकती थी।
ग्रामीण दिनेश पाल, मनीष पाल, दशरथ, अभिमन्यु यादव, संजय यादव, शंकर यादव, विपिन पाल आदि ने बताया कि एक साथ बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों और वाहनों के पहुंचने से ग्रामीणों को लगा कि बड़े स्तर पर सफाई होगी, लेकिन अपेक्षित सफाई नहीं हो सकी।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत फूलपुर संदीप ज्ञानबीर ने बताया कि बारिश के कारण सफाई कार्य पूरा नहीं हो सका। अगली बार इसे पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब सफाईकर्मी नियमित रूप से अपने तैनाती वाले गांवों में कार्य करेंगे। आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा और तैनाती स्थल पर अनुपस्थित मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *