पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज नगर पालिका क्षेत्र के हारीपुर गांव में नाली तथा लैट्रिन-बाथरूम का गंदा और बदबूदार पानी खुलेआम मुख्य सड़क पर बहने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। करीब छह माह से बनी इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार थाना बिलरियागंज, एसडीएम सगड़ी, जिलाधिकारी तथा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ शासन-प्रशासन द्वारा संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और जलभराव से बचने की अपील की जा रही है, वहीं हारीपुर में सड़क पर बहता गंदा पानी बीमारियों को न्योता दे रहा है। गंदे पानी की दुर्गंध और फिसलन से राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। आए दिन लोग फिसलकर गिरते हैं और चोटिल होते हैं। गांव के दिव्यांग ओंकार राय भी कई बार इसी गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह मुख्य मार्ग देवा बिंदवल, तोहफापुर, हरखपुर, अवंती पहलवानपुर और लोहसरवा सहित कई गांवों को जोड़ता है, जिस पर प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने और सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। गांव के सभासद ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। अब ग्रामीणों की निगाहें एसडीएम सगड़ी और थाना बिलरियागंज प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
इस मौके पर सत्य प्रकाश राय, जगदीश राय, विनय राय, संजय राय, अनिरुद्ध राय, शुभम राय, अखिलेश राय, ओंकार राय, आदित्य रावत, फूलचंद रावत, अमन राय, फेस्टू राय, आशीष राय आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय