बारिश के बाद गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की मरम्मत तेज

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लगातार हुई बारिश के बाद गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सड़क की मरम्मत और रखरखाव का कार्य तेज कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड की ओर से एक्सप्रेसवे के करीब 43 किलोमीटर हिस्से को गड्ढामुक्त कर दिया गया है। इसके साथ ही सड़क की सतह को और बेहतर बनाने के लिए माइक्रो सरफेसिंग मशीन से कार्य कराया जा रहा है।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के प्रवेश बिंदु 90 किलोमीटर, वाया पूर्वांचल एक्सप्रेसवे फुलवरिया से लेकर निकासी बिंदु 48.400 किलोमीटर सलारपुर तक सड़क के विभिन्न हिस्सों में बारिश के कारण बने गड्ढों की मरम्मत की गई है।
कार्यदायी संस्था के अनुसार, सड़क से उखड़ने वाली गिट्टियों और अन्य सामग्री को आधुनिक मशीनों के माध्यम से समय-समय पर साफ किया जाता रहेगा। इसके लिए एक्सप्रेसवे पर नियमित रूप से मेंटेनेंस कार्य जारी रहेगा, ताकि सड़क की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
पी.पी. वर्मा (पीडी/अधिशासी अभियंता) ने बताया कि भारी बारिश से हुए गड्ढों को दुरुस्त कर दिया गया है और वर्तमान में सड़क पूरी तरह ठीक है। राइडिंग क्वालिटी बेहतर करने के लिए माइक्रो सरफेसिंग कराई जा रही है तथा गड्ढों के कारणों की जांच आईआईटी टीम से कराने का प्रयास जारी है।
सुरेंद्र कुमार (रेजिडेंट इंजीनियर) ने कहा कि बारिश के कारण गड्ढे बनना स्वाभाविक था, जिन्हें यूपीडा के निर्देश पर सक्रिय टीमों द्वारा तत्काल भर दिया गया है।
वीरपाल ट्रक चालक, निवासी रामपुर ने बताया कि एक्सप्रेसवे की सड़क अब पूरी तरह ठीक है, गड्ढे खत्म हो चुके हैं और आवागमन में कोई परेशानी नहीं है। परवेज आलम वाहन चालक, निवासी मुरादाबाद ने कहा कि सड़क बेहद शानदार और एक नंबर है, गड्ढों की मरम्मत के बाद सफर बिल्कुल सुगम हो गया है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *