अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना क्षेत्र के बस्ती भुजबल स्थित यूनियन बैंक शाखा में तैनात शाखा प्रबंधक की कार्यशैली को लेकर बुधवार को कई खाताधारकों ने बैंक के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ग्राहकों ने शाखा प्रबंधक पर लोन से जुड़े मामलों में मनमानी करने, दबाव बनाने, कमीशन मांगने तथा खाताधारकों के साथ उचित व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया। मामले को लेकर कुछ खाताधारक बैंक के उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी में हैं।
विरोध प्रदर्शन में शामिल इसहाकपुर निवासी शाहनवाज बस्ती भुजबल में जो बैंक के बगल में स्टूडियो व फोटो काफी की दुकान चलाते हैं, ने आरोप लगाया कि उनका और उनके पिता का यूनियन बैंक में लोन खाता है। नए शाखा प्रबंधक के आने के बाद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। शाहनवाज के अनुसार, उन्हें बैंक में बुलाकर बैठाया गया और बैंक के फोटो कॉपी संबंधी कार्य बिना किसी शुल्क के करने के लिए दबाव बनाया गया। आरोप है कि ऐसा नहीं करने पर उनके पिता के करीब एक लाख 70 हजार रुपये के लोन की एकमुश्त राशि जमा करने और भुगतान न करने पर जेल भेजने की बात कही गई।
इसी प्रकार शंभूपुर निवासी रिशु सिंह, कुसमरा गांव निवासी शशिकांत पाल, बलवंत आदि ने शाखा प्रबंधक पर कई आरोप लगाये। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मामले को लेकर थाने में भी शिकायत पहुंची है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी और आपसी समन्वय बनाकर मामले का समाधान करने की सलाह दी। खाताधारकों का कहना है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आजमगढ़ स्थित बैंक के उच्च अधिकारियों के समक्ष शाखा प्रबंधक की शिकायत करेंगे।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक केशव कुशवाहा ने खाताधारकों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें शाखा में आए अभी करीब डेढ़ माह ही हुए हैं और वह स्वयं ग्राहकों की शिकायतों का समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। शाखा प्रबंधक के अनुसार, जिन लोगों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं, उनके मामलों की फाइलों में ही कई तरह की कमियां हैं, जिन्हें दूर करने के लिए कहा गया है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे