नौकरी दिलाने के नाम पर 2.30 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 2 लाख 30 हजार की ठगी करने वाले आरोपी को मेहनाजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। आरोपी खुद को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय आजमगढ़ का कर्मचारी बताकर फर्जी परिचय पत्र दिखाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी परिचय पत्र, बीएसए कार्यालय की फर्जी मुहर, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और 10 हजार नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, हिलालपुर निवासी लक्ष्मन विश्वकर्मा ने मेहनाजपुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि बेला कलीचपुर निवासी हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम ने खुद को बीएसए कार्यालय का कर्मचारी बताकर सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 2 लाख 30 हजार लिए। कुछ दिन बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया गया। नियुक्ति पत्र लेकर ज्वाइनिंग करने पहुंचने पर उसके फर्जी होने की जानकारी हुई। रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर मानिकपुर मोड़ से हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम पुत्र रामफेर राम, निवासी बेला कलीचपुर, थाना मेहनाजपुर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *