फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को विकासखंड फूलपुर के सभागार में ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक हुई। खंड विकास अधिकारी फूलपुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए विभागवार जिम्मेदारियों और कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर के वरिष्ठ नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. आरबी वर्मा, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एमएल अग्रहरि और सहायक शोध अधिकारी उमेश यादव ने अधिकारियों व कर्मचारियों को अभियान के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने अंतरविभागीय समन्वय, निगरानी और जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 अक्टूबर तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव और रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी समेत विकासखंड के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका और समुदाय स्तर पर उनकी सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय