आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की लंबित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व डीसीएफ चेयरमैन चदेसर राय ने समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और लगातार बढ़ते कार्यभार के बीच उनकी जायज मांगों पर शासन स्तर से गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
चदेसर राय ने कहा कि लेखपालों की प्रमुख मांगों में अंतर्मंडलीय स्थानांतरण, चयन वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करना, प्रशिक्षण परीक्षा का परिणाम एवं प्रमाणपत्र घोषित करना, स्टेशनरी व अन्य भत्तों में वृद्धि, भूलेख कार्यालयों एवं अन्य पटलों से सम्बद्ध लेखपालों को अवमुक्त करना, ग्राम सचिवालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, 2800 ग्रेड पे एवं वेतन विसंगति दूर करना तथा लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित कर तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि लेखपालों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। शासन को उनकी समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें कार्य करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार लेखपालों की न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर समस्या का शीघ्र समाधान करेगी।