हजारों रुपये खर्च के बाद भी नहीं साफ हो सकी सड़क की पटरियां

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गांवों में खड़ंजा मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर उगी झाड़-झंखाड़ व घास की सफाई नहीं होने की खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर सुदनीपुर गांव में 35 सफाईकर्मियों को सफाई के लिए लगाया गया। दावा है कि एक दिन में इन सफाईकर्मियों पर करीब 43,750 रुपये का खर्च आया, लेकिन बारिश के बीच कई घंटे काम करने के बावजूद करीब 200 मीटर इंटरलॉकिंग मार्ग की दोनों पटरियों पर उगी घास तक पूरी तरह साफ नहीं हो सकी।
जनसन्देश टाइम्स में फूलपुर ब्लाक क्षेत्र के गांवों में खड़ंजा मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर उगी झाड़-झंखाड़ की सफाई नहीं होने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए सहायक विकास अधिकारी पंचायत फूलपुर को सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके क्रम में चार न्याय पंचायतों के 35 सफाईकर्मियों को सुदनीपुर गांव स्थित इंटरलॉकिंग मार्ग की सफाई के लिए लगाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार सफाईकर्मी बारिश के बीच पहुंचे। आरोप है कि कई सफाईकर्मी पर्याप्त औजार के बिना आए और ग्रामीणों से हसिया व फावड़ा मांगते रहे। कुछ कर्मचारियों ने थोड़ी दूरी तक सफाई की, लेकिन बाद में वापस लौट गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उचित व्यवस्था और पर्याप्त संसाधनों के साथ सफाई कराई जाती तो मार्ग की पटरियों की सफाई आसानी से हो सकती थी।
ग्रामीण दिनेश पाल, मनीष पाल, दशरथ, अभिमन्यु यादव, संजय यादव, शंकर यादव और विपिन पाल आदि ने बताया कि एक साथ बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों और वाहनों के पहुंचने से ग्रामीणों को लगा कि बड़े स्तर पर सफाई होगी, लेकिन अपेक्षित सफाई नहीं हो सकी।

ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि यदि घास की सफाई के लिए इतनी बड़ी संख्या में सफाईकर्मी लगाए गए थे तो कार्य की प्रभावी निगरानी क्यों नहीं हुई। उनका आरोप है कि केवल फोटो खींचकर कार्य की औपचारिकता पूरी की गई।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत फूलपुर संदीप ज्ञानबीर ने बताया कि बारिश के कारण सफाई कार्य पूरा नहीं हो सका। अगली बार इसे पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब सफाईकर्मी नियमित रूप से अपने तैनाती वाले गांवों में कार्य करेंगे। आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा और तैनाती स्थल पर अनुपस्थित मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *