ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गांधी स्मारक त्रिवेणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बरदह में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘25 करोड़ बच्चों/युवाओं के सपनों का भारत’ थीम पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित वृहद कार्यक्रम का हिस्सा रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं छात्रों तक ‘2047 तक विकसित भारत’ के विजन को पहुंचाना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शैक्षणिक संस्थानों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर संगोष्ठी, निबंध, भाषण एवं पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
संगोष्ठी की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय कुमार राय ने की, जबकि शासन द्वारा नामित वरिष्ठ भाजपा नेता चंदेसर राय मुख्य अतिथि रहे। प्राचार्य ने विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति के योगदान और नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि ने शासन की नीतियों को युवाओं तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सुरेश चंद्र उपाध्याय, डॉ. श्याम नारायण तिवारी, डॉ. सुनील कुमार मिश्रा, श्री शिवशंकर यादव सहित निशांत, सुमित, सौरभ, वैभव, अर्चिता, सपना, मुस्कान, खुशी आदि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
रिपोर्ट-एमके राय