धूमधाम से पूजे गए देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जगत निर्माता श्री विश्वकर्मा जी महराज का पूजनोत्सव पूरे जनपद में गुरूवार को धूमधाम से मनाया गया। प्रतिष्ठानों को साफ सफाई कर आटो गैरेज, काष्ठ कला, लौह कला, इलेक्ट्रॉनिक्स, आटो एजेंसी आदि के दुकानदार, मिस्त्री, कार्यकर्ता आदि ने अपने-अपने यंत्रों को साफ कर भगवान विश्वकर्मा के तस्वीर के समक्ष यथास्थिति मिष्ठान फल आदि से पूजन अर्चन किया और प्रसाद वितरण किया।
उत्सव भरे वातावरण में अधिकांश गैरेज में पूजनोत्सव उपरान्त सिर्फ उत्सव मनाया गया। वर्कशॉप पर कोई कार्य नहीं किया गया। श्री विश्वकर्मा जी को पूरा दिवस समर्पित रहा। वहीं सरकारी संस्थान विद्युत उपकेंद्रों पर अभियन्ता, अवर अभियंता, एसएसओ, लाइनमैनो ने ट्रांसफार्मर आदि की साफ सफाई की और विश्वकर्मा भगवान की पूजा अर्चना की। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में भी भगवान विश्वकर्मा के गीत गूंजते रहे। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
मार्टिनगंज प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय तहसील क्षेत्र में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और असीम उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कस्बे से लेकर ग्रामीण अंचलों तक पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। सुबह से ही विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, तकनीकी संस्थानों, वर्कशॉपों, वेल्डिंग दुकानों, मोटर गैरेज और निर्माण स्थलों पर विशेष चहल-पहल देखने को मिली। कारोबारियों और कारीगरों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के प्रथम इंजीनियर और शिल्पकार हैं, जिनकी कृपा से ही व्यापार में उन्नति और तकनीकी कार्यों में कुशलता प्राप्त होती है। सभी ने अपने-अपने व्यवसाय में तरक्की, सुख-समृद्धि और दुर्घटना रहित कार्य की कामना की।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार विद्युत उपखंड अधिकारी बिलरियागंज तुषार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विद्युत सब स्टेशन गुलवा गौरी, बिलरियागंज, मऊ कुतुबपुर, रौनापार तथा पटवध कौतुक में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। विद्युत उपकेंद्रों में स्थापित मशीनरी, उपकरणों और विद्युत संयंत्रों की भी पूजा की गई। पटवध कौतुक विद्युत सब स्टेशन पर अवर अभियंता रितेश कुमार चौधरी की मौजूदगी में हवन-पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर सूर्य प्रकाश यादव, अशोक सिंह, दिनेश गुप्ता, महेंद्र कुमार, राजेश प्रजापति, रवि कुमार, सूर्यभान, हीरामणि सहित विद्युत विभाग के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *