महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पूर्व मंत्री स्व. दलसिंगार यादव की पुण्यतिथि पर महराजगंज में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने शिरकत कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्व. दलसिंगार यादव के आजमगढ़ के लिए किए गए कार्यों और उनके राजनीतिक योगदान को याद किया।
अजय राय ने कहा कि स्व. दलसिंगार यादव ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उनके पुत्र दिनेश यादव को उनके विचारों और रास्ते पर चलने वाला कांग्रेस का समर्पित कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता दिनेश यादव के साथ खड़ा है। कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वह जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले नेता हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा नीतियां आम जनता के हितों के अनुरूप नहीं हैं।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने ग्रामीण अंचल के पत्रकारों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण पत्रकार स्थानीय समस्याओं और जनता की आवाज को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर ग्रामीण एवं अवैतनिक पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए योजना बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
आगामी चुनाव की रणनीति और टिकट वितरण से जुड़े सवाल पर कहा कि प्रत्याशियों के चयन और टिकट बंटवारे का निर्णय कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व करता है। इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. दलसिंगार यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र