उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पांच किमी क्षेत्र नो-फ्लाइंग जोन

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 16 सितंबर को प्रस्तावित आजमगढ़ दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थलों और उनके आसपास पांच किलोमीटर की परिधि को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है। इस क्षेत्र में सभी प्रकार के ड्रोन की उड़ान और संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार उपमुख्यमंत्री 16 सितंबर, बुधवार को ग्राम गंभीरपुर और थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम जिवली पहुंचेंगे। यह आदेश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पत्र के क्रम में जारी किया गया है। जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 पहले से प्रभावी है। संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री सुबह 11.55 बजे रानीपुर रजमो स्थित रामदेव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12.05 बजे गंभीरपुर बाजार निवासी अवधेश मौर्य के पिता स्व.राम समुझ मौर्य के निधन पर उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह जनपद में चल रही विकासशील एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री दोपहर 12.40 बजे जिवली स्थित क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पहुंचेंगे, जहां वह उनकी माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उपमुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और निगरानी के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *