अंश के परिजनों से मिले दलित युवा मोर्चा के पदाधिकारी

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट (दुलहीपुरा) गांव में बेसो नदी में डूबकर जान गंवाने वाले 11 वर्षीय अंश के परिजनों से सामाजिक संगठन दलित युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। पदाधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
गौरतलब है कि बुधवार को अंश अपने 15 वर्षीय बड़े भाई विकास और अन्य दोस्तों के साथ चिरकिहिट स्थित बेसो नदी के पुल के पास नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने नदी में उसकी तलाश शुरू की। पुलिस, फायर विभाग और स्थानीय गोताखोरों ने भी काफी प्रयास किया, लेकिन बुधवार देर शाम तक अंश का पता नहीं चल सका।
अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोक दिया गया। गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम ने पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद अंश का शव बरामद किया गया। जानकारी मिलते ही सोमवार को दलित युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मिलकर घटना पर गहरा दुख जताया और प्रशासन से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।
इस अवसर पर सामाजिक संगठन दलित युवा मोर्चा के अध्यक्ष जगपति राम, प्रभु सोनकर, भगवान दास, राम अवतार, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *