185 जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों को एसडीएम की स्वीकृति का इंतजार

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लाक क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने वाले 185 आवेदकों को 14 दिन बाद भी प्रमाणपत्र जारी नहीं हो सका है। एसडीएम कार्यालय से स्वीकृति नहीं मिलने के कारण आवेदकों को तहसील और ब्लाक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
एक अगस्त से फूलपुर ब्लाक की विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। आवेदन के बाद एसडीएम कार्यालय फूलपुर से संबंधित आवेदकों के संबंध में खंड विकास अधिकारी कार्यालय से रिपोर्ट मांगी गई थी। बीडीओ कार्यालय की ओर से आख्या एसडीएम कार्यालय को प्रस्तुत भी कर दी गई, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिलने से प्रमाणपत्र जारी नहीं हो सके।
इसी बीच अगस्त के अंतिम सप्ताह में तत्कालीन एसडीएम फूलपुर अशोक कुमार का स्थानांतरण मेहनगर तहसील हो गया। इसके बाद निजामाबाद तहसील में एसडीएम न्यायिक के पद पर तैनात रहे निकेत कुमार ने फूलपुर के एसडीएम का पदभार ग्रहण किया। नवागत एसडीएम द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों की प्रक्रिया में बदलाव किए जाने से भी लंबित आवेदनों के निस्तारण में समय लग रहा है। अब एसडीएम के स्टेनो द्वारा प्रमाणपत्रों की प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है और आवेदनों को क्रमवार स्वीकृति दी जा रही है।
इस संबंध में एसडीएम निकेत कुमार ने दूरभाष पर बताया कि सभी आवेदनों की प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है। समयानुसार सभी आवेदकों को स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *