महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विधानसभा क्षेत्र गोपालपुर की राजनीति में इन दिनों विधायक नफीस अहमद को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। हाल में सामने आए मारपीट के विवाद, वायरल ऑडियो और क्षेत्र में नेतृत्व परिवर्तन की उठ रही मांगों के बीच विधायक के जनसंपर्क के बदले अंदाज को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पहले विधायक की गाड़ी आम लोगों के बीच रुकने के लिए जैसे गाड़ी में ब्रेक ही न हो परन्तु कुछ चुनिंदा प्रभावशाली लोगों तक ही उनकी पहुंच दिखाई देती थी। वहीं अब आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए विधायक गरीब बच्चों के बीच टॉफी बांटते, सड़क किनारे सब्जी और मूंगफली बेचने वाले लोगों से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं। इन मुलाकातों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी समर्थकों द्वारा साझा किए जा रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि विधायक ने अपने कार्यकाल के दौरान लगातार आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनी होतीं और विकास कार्यों को लेकर सक्रियता दिखाई होती, तो चुनाव नजदीक आने पर इस तरह के जनसंपर्क की जरूरत महसूस नहीं होती।
हालांकि विधायक की ओर से इन आरोपों और चर्चाओं पर क्या प्रतिक्रिया है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, मारपीट प्रकरण में यादव वर्ग का एक बड़ा तबका नाराज चल रहा है और वायरल ऑडियो को लेकर पहले से ही राजनीतिक माहौल गर्म है। ऐसे में विधायक के बदले हुए जनसंपर्क अंदाज को लेकर भी क्षेत्र में बहस छिड़ गई है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र