सौरभ सिंह बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवां ब्लॉक क्षेत्र के ढाखा गांव निवासी सौरभ सिंह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों के साथ ही ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
सौरभ सिंह के पिता आनंद सिंह एक एमएनसी कंपनी में इंपोर्ट ओशन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता प्रीति सिंह शिक्षिका हैं। उनके दादा स्व.रामराज सिंह थे। सौरभ ने अपनी प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा महाराष्ट्र बोर्ड से पूरी की। इसके बाद मुंबई विश्वविद्यालय से बीएससी आईटी की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत और समर्पण के बाद उन्होंने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) से सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद सौरभ सिंह भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित हुए। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और ग्रामीणों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की।
सौरभ की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने युवाओं को सेना में करियर बनाने और देशसेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। उनकी उपलब्धि से ढाखा गांव ही नहीं, बल्कि पूरा आजमगढ़ जनपद गौरवान्वित है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *