पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित देवारा इलाके में मंगलवार को बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आराजी देवारा नैनीजोर स्थित वर्मा श्याम दुलारी महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत किट वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जाना और राहत किट का वितरण किया। राहत सामग्री प्राप्त होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित ग्रामीण कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।
कारागार मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की स्थिति एवं राहत कार्यों की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों तक राहत सामग्री पहुंचाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, सगड़ी उपजिलाधिकारी, पूर्व विधायक वंदना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय