फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फिल्म अभिनेत्री एवं पूर्व सांसद शबाना आजमी ने रविवार को अपने पैतृक गांव मेजवां प्रवास के दौरान गांव में साफ-सफाई, जलजमाव, बिजली और पानी की व्यवस्था का जायजा लिया। गांव में जगह-जगह जलजमाव और साफ-सफाई की स्थिति को देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए समुचित सफाई व्यवस्था कराने का आग्रह किया।
शबाना आजमी के निर्देश पर सूचना मिलते ही गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए सफाई कर्मचारियों की टीम मेजवां पहुंच गई। सफाई कर्मचारियों ने जलजमाव और गंदगी वाले स्थानों पर सफाई शुरू कर दी। इसके साथ ही ब्लाक के अधिकारी भी मेजवां पहुंचे और मौके पर साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। तत्पश्चात मेजवां वेलफेयर सोसाइटी संस्था परिसर में डाक्यूमेंट्री फिल्म की शूटिंग शुरू हुई। फिल्म में मेजवां में संचालित सामाजिक कार्यों और ग्रामीणों के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी शामिल किया जा रहा है।
शबाना आजमी ने गांव में संचालित ब्यूटीशियन सेंटर का निरीक्षण किया। चिकनकारी सेंटर पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं छात्राओं और महिलाओं से मुलाकात की तथा उनके प्रशिक्षण और स्वरोजगार की जानकारी ली।
उनके मेजवां पहुंचने की जानकारी पर विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ ब्लाक और तहसील स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उनसे मिलने पहुंचे। इस दौरान गांव की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर मिजवा बेल्फेयर सोसाइटी के डिप्टी मैनेजर मनोज कुमार, नम्रता गोयल, बिकास यादव, स्नेहा योहान, संयोगिता प्रजापति, खुशी प्रजापति, घनश्याम प्रजापति, सुमन, शकुन्तला आदि उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय