नवागत एसडीएम ने संभाला कार्यभार

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत नवागत उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील बूढ़नपुर का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वर्ष 2024 बैच के एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह इससे पहले निजामाबाद तहसील में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। मूल रूप से फतेहपुर जिले के निवाससी हैं।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने तहसील परिसर, राजस्व अनुभाग और अभिलेखागार का निरीक्षण किया तथा मातहत अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अपनी कार्ययोजना स्पष्ट करते हुए कहा कि तहसील स्तर पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित और फरियादी की समस्या का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण ही उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों में खानापूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को धरातल पर संतुष्टि मिलनी चाहिए। यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही से फरियादी को बार-बार तहसील के चक्कर काटने पड़े, तो संबंधित के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिकायतों और राजस्व मामलों में दोनों पक्षों की बातों को निष्पक्ष रूप से सुना जाएगा। जरूरत पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली जाएगी और दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी किसी भी जायज समस्या अथवा शिकायत के समाधान हेतु बेझिझक कार्यालय आकर मिल सकते हैं, जहां उनकी समस्याओं का विधिक व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *