अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बुधवार को अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई। पीडीए सम्मेलन के तहत हुई बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेशभर में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज को एकजुट करने का अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के दिए संविधान, सामाजिक न्याय और आरक्षण को कमजोर करने की कोशिशों का मुकाबला करने के लिए पीडीए की एकजुटता जरूरी है। संविधान का राज और युवाओं के अधिकार सुरक्षित रखने के लिए सभी वर्गों को एक मंच पर आना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 26 हजार परिषदीय स्कूलों को बंद करने की तैयारी, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी और थानों-तहसीलों में भ्रष्टाचार से जनता परेशान है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. संग्राम यादव और पूर्व मंत्री व एमएलसी बलराम यादव की संस्तुति पर विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि से चार गंभीर रोगियों को कुल 7.30 लाख रुपये की चिकित्सकीय सहायता के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान सपा नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, संयोजक एवं पूर्व प्रधान श्यामराज, कन्हैया गौड़, चंद्रजीत यादव, हरिराम बागी, राजेंद्र राम, दिनेश भारती, रामजी प्रधान, धर्मेंद्र प्रधान, उपेंद्र, अमरजीत, फूलमती और सोनी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद