फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय चौक स्थित आजमगढ़ मार्ग पर खुले में रखा विद्युत ट्रांसफार्मर लोगों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकता है। ट्रांसफार्मर के चारों ओर न तो सुरक्षा जाली लगाई गई है और न ही किसी प्रकार की घेराबंदी की गई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास बाजार होने के कारण दिनभर भारी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। पास में दुकानों और भीड़भाड़ के चलते बच्चों तथा राहगीरों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में यह जोखिम और भी बढ़ जाता है।
ग्रामीणों एवं व्यापारियों संतोष कुमार यादव, बहादुर यादव, अमरजीत और सन्नी सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर के चारों ओर शीघ्र सुरक्षा जाली लगवाने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव