बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के अतरैठ भटिही मोड़ पर सड़क के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन जाने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार वासियों का आरोप है कि बड़े ट्रक और ट्रेलर गुजरने के दौरान आयेदिन स्कूली बच्चे और राहगीर गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर बने इस गड्ढे को भरने के लिए कई बार पीडब्ल्यूडी विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज बाजार वासियों ने प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ रोष जताया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि इस मार्ग से आए दिन बड़े-बड़े जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति किसी को दिखाई नहीं दे रही है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द सड़क के गड्ढे को नहीं भरा गया और समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे इससे बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
वही पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर प्रहलाद गौड़ ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है और इस गड्ढे को जल्दी ही ठीक करा दिया जाएगा।
इस मौके पर रामप्रीत, मोहन, बाली प्रजापति, अनिल, हरिराम सोनी, संदीप गुप्ता, डॉ.रुस्तम, पवन गुप्ता, शौकत कुरैशी, विकास वर्मा, कल्लू गौड़, हरिप्रसाद प्रजापति, रणविजय सिंह, लतीफ खान आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह