लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी लालगंज विधानसभा इकाई की ओर से सोमवार को बिजली की अंधाधुंध कटौती, लो वोल्टेज, महंगाई, नहरों में पानी की कमी तथा खाद की उपलब्धता समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक बेचई सरोज और विधानसभा अध्यक्ष राजनारायण यादव ने किया।
विधायक बेचई सरोज ने कहा कि बिजली की अंधाधुंध कटौती से आम जनता परेशान है। ग्रामीण क्षेत्रों में नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे किसानों को धान की फसल की सिंचाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष राजनारायण यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में रात के समय बिजली की कटौती से आम जनता की नींद हराम हो गई है। नहरों में पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच रहा है, जिससे किसान अपनी धान की फसल की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चीनी सहित अन्य घरेलू सामानों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से आम लोगों के लिए अपनी आवश्यक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।
इस दौरान संध्या राघवन, अनुपम कन्नौजिया, दीपक मौर्य, गिरीशचंद्र मोदनवाल, सर्वेश प्रजापति, रामअवध यादव, राजेश विश्वकर्मा, जय सिंह चौहान, महेश सोनकर, समीर अहमद, चंदन सिंह, चंदा चौहान, संगीता शर्मा, मनीषा गौड़, साहबलाल यादव, सत्यपाल यादव, अंगद यादव, सुशीला शर्मा, संगीता सरोज, साधना देवी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद