महिला का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

शेयर करे

मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह कस्बे में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 40 वर्षीय महिला अकबरी बानो पत्नी मो. ताहिर का शव घर के अंदर फर्श पर खून से लथपथ हालत में मिला। महिला के बच्चों के स्कूल से घर लौटने के बाद घटना की जानकारी हुई। मां को रक्तरंजित हालत में पड़ा देखकर बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मधुवन सिंह, सीओ लालगंज भूपेश कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने गांव और आसपास के लोगों समेत दर्जनों लोगों से पूछताछ की। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
बताया गया कि मृतका का पति मो. ताहिर और बड़ा पुत्र मो. समीर मुंबई में लूम का काम करते हैं। घर पर मृतका के दो पुत्र मो. अमीर (16) और मो. असद (8) रहते हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं गांव में भी दहशत का माहौल है।
इनसेट-
घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित
मार्टिनगंज । सीओ लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के अनावरण के लिए सर्विलांस, एसओजी और थाना पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमें विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *