पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई विकास कार्यालय, वाराणसी द्वारा राजकीय प्रशिक्षण एवं प्रसार केंद्र, करतालपुर आजमगढ़ में पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में आशुतोष उपायुक्त उद्योग उपस्थित रहे। इस अवसर पर अभिषेक द्विवेदी अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) तथा प्रभात रंजन सहायक आयुक्त उद्योग (एसीआई) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में राजकिरण प्रभाकर द्वारा ब्रांडिंग, विपणन एवं उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। ज्ञानेंद्र कनौजिया प्रोफेसर, बीएचयू द्वारा पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांड पहचान विकसित करने, डिजिटल माध्यमों से विपणन तथा व्यापक बाजार तक पहुंच बढ़ाने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपने पारंपरिक कौशल एवं उत्पादों को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रेरित किया। लाभार्थियों की समस्याओं, अनुभवों एवं सुझावों पर खुली चर्चा भी की गई।
इस अवसर पर वीके राणा सहायक निदेशक एमएसएमई विकास कार्यालय वाराणसी, दिव्या तिवारी एमएसएमई विकास कार्यालय वाराणसी, संबंधित विभागों के अधिकारी, विशेषज्ञ एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय