फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लाक क्षेत्र में पंचायत भवनों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है। कई पंचायत भवनों में साफ-सफाई की व्यवस्था बदहाल है, वहीं पंचायत कार्यालयों का नियमित संचालन भी धरातल पर प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रहा है। इससे ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर मिलने वाली ऑनलाइन एवं अन्य सेवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसकी तस्वीर फूलपुर ब्लाक कार्यालय से सटे ग्राम पंचायत सुदनीपुर के पंचायत भवन के सामने देखने को मिली। पंचायत भवन के आसपास बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी यहां साफ-सफाई नहीं कराई गई। पंचायत भवन परिसर की बदहाली से सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि पंचायत कार्यालय संचालन की स्थिति कैसी होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवनों पर नियमित साफ-सफाई और कार्यालय संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकार की योजना का वास्तविक लाभ लोगों को मिल सके।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत फूलपुर असविंद यादव ने बताया कि सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। अपूर्ण पंचायत भवनों के कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा पंचायत कार्यालय से प्रतिदिन कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय