महीनों बाद समिति पर पहुंची यूरिया की खेप

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में महीनों से यूरिया उर्वरक की किल्लत झेल रहे किसानों को सोमवार को राहत मिली। साधन सहकारी समिति सदरपुर बरौली के सुदनीपुर स्थित सरकारी गोदाम पर यूरिया की खेप पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के दर्जनों गांवों के किसान उर्वरक लेने के लिए पहुंच गए। सुबह से ही गोदाम पर किसानों की भारी भीड़ जुटने से काफी गहमागहमी रही।
बताया गया कि 15 अगस्त को यूरिया से लदा ट्रक सुदनीपुर स्थित सरकारी गोदाम पहुंचा था। सचिव ओमप्रकाश यादव ने उर्वरक गोदाम में रखवाकर सोमवार को वितरण की जानकारी दी। परन्तु सोमवार को वितरण नही हुआ। मंगलवार को सचिव के पहुंचते ही किसानों की भीड़ लग गई। सचिव ओमप्रकाश यादव और पूर्व सचिव सुधीर सिंह ने किसानों के आधार कार्ड का सत्यापन कर ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद बारी-बारी से यूरिया का वितरण शुरू कराया।
उर्वरक लेने के लिए सदरपुर न्याय पंचायत के साथ आसपास के गांवों के अलावा पवई ब्लाक इटकोहिया सहित कनेरी, बक्सपुर तथा मिर्जापुर ब्लाक क्षेत्र से भी किसान पहुंचे। एक ओर किसान उर्वरक लेकर गोदाम से निकलते रहे तो दूसरी ओर नए किसान अपनी बारी के इंतजार में कतार में खड़े रहे।
सचिव ओमप्रकाश यादव ने बताया कि एक ट्रक यूरिया की खेप आई है। किसानों को 280 रुपये प्रति बोरी की दर से उर्वरक दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से आधार कार्ड साथ लाने की अपील करते हुए कहा कि उर्वरक समाप्त होने के बाद पुनः मांग भेजी जाएगी।
किसानों मनीष, कुंदन राम, आशीष पाल, पिंटू पाल, मोहम्मद अनवर, अरसद, अरविंद सिंह, संजय और संतोष आदि ने कहा कि सरकारी गोदाम से उर्वरक मिलने पर मिलावट की आशंका कम रहती है और निर्धारित दर पर खाद मिल जाती है। बाजार में यूरिया के साथ अन्य सामग्री लेने का दबाव बनाने और अधिक कीमत वसूलने की शिकायत भी किसानों ने की। किसानों ने सरकार से समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उन्हें बाजार में महंगे दामों पर खाद खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *