अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित होंगे थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाने के थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे को उनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय सेवा अभिलेख के आधार पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ के लिए चयनित किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में नाम शामिल होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे के साथ ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को अतरौलिया थाने में उनके सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बधाई दी गई।
बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह और भेदौरा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार ‘सोनू’ के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे को फूल-मालाएं पहनाकर, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। लोगों ने उनकी कार्यशैली और जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
पूर्व अध्यापक राजेंद्र सिंह ने कहा कि गृह मंत्रालय की ओर से उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रशस्ति और पदक के लिए चयनित होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। अतरौलिया थाने में थानाध्यक्ष की कार्यशैली सराहनीय रही है और उनके विचार हमेशा जनहित से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण और बेहतर कार्य निष्पादन का ही परिणाम है कि उन्हें शासन स्तर पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार ‘सोनू’ ने कहा कि देवेंद्र नाथ दुबे के अतरौलिया की कमान संभालने के बाद उनकी कार्यशैली प्रभावी और पारदर्शी रही है। उनकी सेवा के सम्मान में क्षेत्रवासी स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने थानाध्यक्ष के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अखंड प्रताप सिंह, सत्येंद्र कुमार ‘सोनू’, जंग बहादुर सिंह, समीर सिंह, परमिंदर यादव, राणा सिंह, डॉ. लालजीत, परवेज आलम, धीरज मिश्रा, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *