आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शिब्ली नेशनल कॉलेज में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा में 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी यात्रा में सक्रिय सहभागिता की।
विशाल तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पूर्व प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य एवं महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल हमारी राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही, यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अनुशासन को लेकर शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत प्राचार्य ने विद्यार्थियों को तिरंगा यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और महाविद्यालय के मुख्य द्वार से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर पहाड़पुर, तकिया बाजार, पुरानी कोतवाली होते हुए पांडे बाजार पहुँची और पुनः महाविद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपने साथ ले जाए गए तिरंगे को अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक लगाएं और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार