गरीबों के सच्चे मसीहा थे स्व.उमाशंकर सिंह: डॉ. बलिराम

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मदर इस्रावती पब्लिक स्कूल के प्रांगण में बसपा के दिवंगत विधायक स्व.उमाशंकर सिंह की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
बसपा के पूर्व सांसद डॉ. बलिराम ने स्व.उमाशंकर सिंह के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। 2012 में जब वे विधायक बनकर सदन पहुंचे, तो सदन में बोलने के दौरान उपहास उड़ाने वालों को उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया था कि हंसने वाले लोग भी बसपा की ही नर्सरी से निकलकर आगे बढ़े हैं। वे बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग का सम्मान करते थे। प्रतिवर्ष सामूहिक विवाह का आयोजन कर लगभग 600 बेटियों को आशीर्वाद देते थे और जो लोग समारोह में नहीं पहुंच पाते थे, उनके घर जाकर स्वयं उपहार व सहयोग राशि पहुंचाते थे।
डॉ. बलिराम ने भावुक होते हुए कहा कि हमने बहन मायावती जी को जीवन में केवल दो बार रोते देखा। पहली बार कांशीराम के निधन और दूसरी बार विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी विजय कुमार, सुभाष चंद्र, मंगलदेव, प्रो. पलटन राम, शक्ति जयस्वर, अनिरुद्ध कुमार, राजेंद्र सिंह, मुकेश लाल श्रीवास्तव, वीरेंद्र पांडे, अगम सिंह, प्रधान सत्येंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन बसपा नेता अखंड प्रताप सिंह ने तथा संचालन मास्टर राजेंद्र सिंह द्वारा किया गया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *