मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर को लेकर देशव्यापी उत्साह के बीच गुरुवार को मुबारकपुर नगर में राष्ट्रभक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिला। सबा कान्वेंट स्कूल मुबारकपुर के तत्वावधान में एक विशाल और भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के गीतों और भारत माता के गगनभेदी जयकारों के बीच जैसे ही यह यात्रा कस्बा में दाखिल हुई, पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर हो गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा और विद्यालय के निदेशक अफरोज अहमद ने संयुक्त रूप से तिरंगे को नमन करते हुए यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे और सिर पर तिरंगामय टोपी पहने छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बनता था। बच्चे देशभक्ति के गीतों की धुनों पर कदमताल करते हुए पूरे अनुशासन के साथ आगे बढ़ रहे थे। यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों ने ‘भारत माता की जय’, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘जय जवान, जय किसान’ के गगनभेदी नारे लगाकर स्थानीय नागरिकों में देशभक्ति का नया जोश भर दिया। यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
विद्यालय के प्रबंधक अफरोज अहमद ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छात्रों में राष्ट्रीयता की भावना जागृत करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। यात्रा को सफल बनाने में उप प्रधानाचार्य अंसार नेयाजी, भटौरा शाखा की प्रधानाचार्या उम्मे आमिना, सीमा राय, शहनाज और सैय्यद बजईज हक सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रबुद्ध जनों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव