एक घंटे की बारिश ने खोली जलनिकासी व्यवस्था की पोल

शेयर करे

अहरौला आजमगढ (सृष्टिमीडिया)। बूढ़नपुर-अंबारी मुख्य मार्ग पर स्थित अहरौला बाजार में गुरुवार को करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश थमने के बाद चांदनी चौक से लेकर अहरौला बाईपास तक सड़क के कई हिस्से पानी में डूब गए, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
करीब एक घंटे की बारिश में ही बाजार की सड़कों पर जगह-जगह पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर सड़क पर काफी देर तक पानी भरा रहने से यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई। राहगीरों को मजबूरी में पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अहरौला बाजार में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कोई नई बात नहीं है। हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति देखने को मिलती है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि महज एक घंटे की बारिश में बाजार की यह हालत हो जाती है, तो लगातार कई घंटे बारिश होने पर स्थिति कितनी गंभीर हो सकती है। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने प्रशासन से बाजार की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
इनसेट—
उमस से मिली राहत, खेतों में लौटी हरियाली की उम्मीद
जनसंदेश न्यूज
अहरौला (आजमगढ़)। स्थानीय विकासखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण धान की फसल पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। खेतों में नमी कम होने से कई जगह जमीन में दरारें पड़ने लगी थीं और किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रहे थे। वहीं, बीते दो दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी ने आमजन की परेशानी भी बढ़ा दी थी। गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत पहुंचाई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के चेहरे पर भी राहत नजर आई। बारिश के बाद खेतों में पानी पहुंचने से धान की फसल को संजीवनी मिलने की उम्मीद जगी है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *