मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सावन मास के दूसरे सोमवार पर स्थानीय तहसील क्षेत्र के शिवालयों में आस्था का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े शिव मंदिरों के साथ-साथ बरदह थाना परिसर स्थित शिव मंदिर और क्षेत्र के प्रसिद्ध व चर्चित बंधवा महादेव मंदिर पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।
सावन के दूसरे सोमवार पर बंधवा महादेव मंदिर पर क्षेत्र के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके साथ ही, क्षेत्र के पूज्य ब्रह्म बाबा बरदह के स्थान पर भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन मुस्तैद नजर आया। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की कमान क्षेत्राधिकारी (सीओ) लालगंज भूपेश और थानाध्यक्ष बरदह चंद्रदीप कुमार ने संभाली। अधिकारियों द्वारा भारी पुलिस बल के साथ बंधवा महादेव मंदिर, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार भ्रमण किया गया।
प्रशासन की इस निरंतर मुस्तैदी और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के चलते मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र में सावन का दूसरा सोमवार भी पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्द्रपूर्ण और हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हो रहा है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी