वरिष्ठ पत्रकार डॉ. नरेंद्र नाथ पांडे को दी श्रद्धांजलि

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. नरेंद्र नाथ पांडे के पैतृक आवास बढ़या गांव में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पत्रकारों और सामाजिक लोगों ने उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता के क्षेत्र में किए गए योगदान को याद करते हुए उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
डॉ. नरेंद्र नाथ पांडे का 25 जुलाई को उनके पैतृक आवास बढ़या गांव में लंबी बीमारी के दौरान निधन हो गया था। वह वर्ष 1982 से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े थे। करीब तीन दशक तक उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों और पत्रिकाओं में अपनी लेखनी के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्तमान में वह आइडियल पत्रकार संगठन के प्रदेश संरक्षक के पद पर कार्यरत थे।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश महामंत्री प्रवीण मद्धेशिया ने कहा कि डॉ. नरेंद्र नाथ पांडे का पत्रकारिता जगत में योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनकी लेखनी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है और उनके विचार आज भी पत्रकारों के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं। प्रदेश सचिव आशीष निषाद ने कहा कि डॉ. पांडे का निधन पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पत्रकारिता को अपना जीवन समर्पित किया।
पत्रकार राजेश सिंह ने कहा कि डॉ. नरेंद्र नाथ पांडे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी निष्पक्ष लेखनी और पत्रकारिता के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। हमने कलम के एक सच्चे साथी को खो दिया है।
इस दौरान पत्रकार दिनेश सिंह, राजू कुमार, चंद्रेश कुमार, आकाश मोदनवाल, अमित कुमार, रामभवन आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *