शादी की जिद पर टावर पर चढ़ा युवक

शेयर करे

अंजानशहीद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ गांव में शनिवार सुबह एक युवक के टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। गांव निवासी अजीम (पुत्र असगर) का बीते पांच वर्षों से गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका द्वारा बात बंद करने और परिजनों के विरोध से नाराज होकर युवक सुबह करीब 7 बजे खेत में बने मोबाइल टावर पर चढ़ गया और शादी की जिद करने लगा।
युवक 18 महीने सऊदी अरब में रहने के बाद हाल ही में गांव लौटा था। कुछ दिनों तक दोनों के बीच बातचीत होती रही, लेकिन युवती के परिजनों के मना करने पर उसने युवक से संपर्क तोड़ दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे लेकर बीते दिन अजमतगढ़ पुलिस चौकी पर सुलह-समझौता भी कराया गया था। चौकी पर हुए समझौते से असंतुष्ट प्रेमी सुबह ही शादी की जिद पर अड़ गया और टावर पर जा चढ़ा। युवक को टावर पर चढ़ता देख ग्रामीणों और परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही डायल 112 और अजमतगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस प्रशासन, पूर्व अध्यक्ष और स्थानीय ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत व काफी देर तक दी गई समझौता-सुलह के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारा जा सका।
टावर से उतरते ही पुलिस युवक और युवती दोनों को जीयनपुर कोतवाली ले आई। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों की मौजूदगी में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *