लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बेरमा बिसंभरपुर गांव में गुरुवार को रेलिंग निर्माण के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बेरमा गांव निवासी एक व्यक्ति के मकान पर लाल बहादुर बनवासी 55 वर्ष पुत्र शोभनाथ बनवासी और अल्ताफ 32 वर्ष पुत्र श्रद्धा बनवासी रेलिंग निर्माण का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन दीवार भरभराकर दोनों मजदूरों के ऊपर गिर गई। दीवार गिरने से दोनों उसके मलबे में दब गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाले। गंभीर रूप से घायल लाल बहादुर बनवासी को परिजन तत्काल संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में अल्ताफ को गंभीर चोट आई है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए जौनपुर लेकर रवाना हो गए। हादसे ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने घटना की जांच और पीड़ित परिवार को उचित सहायता दिए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद