चलती बाइक से उचक्कों ने उड़ाई महिला की चेन

शेयर करे

मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां बाइक सवार उचक्कों ने चलती बाइक पर सवार महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, बेलवाना गांव निवासी संजीव कुमार राय अपनी पत्नी कविता राय के साथ बुधवार को बाइक से वाराणसी से अपने घर लौट रहे थे। जब वे बरदह क्षेत्र के उसरगांवा स्थित पेट्रोल पंप से बरदह की तरफ करीब 500 मीटर आगे बढ़े, तभी पीछे से सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए। बदमाशों ने चलती बाइक के नजदीक आकर अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन लेकर तेजी से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित दंपति ने बदमाशों का कुछ दूर तक पीछा भी किया, लेकिन बदमाश आंखों से ओझल हो गए। घटना से सहमे संजीव कुमार राय ने थाना बरदह पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा अन्य साक्ष्यों की मदद से बदमाशों की जल्द से जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *