अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिक्षा क्षेत्र अहरौला के कम्पोजिट विद्यालय मड़ना में मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संदेश के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी अमरजीत यादव ‘चंद्रशेखर’, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निरुपमा चतुर्वेदी, शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधे रोपित किए।
वृक्षारोपण के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है, जितना उन्हें लगाना। समाजसेवी अमरजीत यादव ‘चंद्रशेखर’ ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और स्वस्थ जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विद्यालय परिवार की ओर से यह भी संकल्प लिया गया कि परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, लगाए गए पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि पौधे सुरक्षित रूप से विकसित होकर भविष्य में छायादार वृक्ष बन सकें। कार्यक्रम में सत्यम यादव, सहाबुद्दीन, मिठाई मौर्य, अमीर, अरमान, धीरज यादव, गोले, अनिल कुमार, संत कुमार, सुनील कुमार, सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे