सर्पदंश से युवती की मौत, परिवार में मचा कोहराम

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के लेदौरा (बनरपुरा) गांव में रविवार देर रात सर्पदंश की घटना में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं युवती की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
लेदौरा, पोस्ट गहजी निवासी अरविंद कुमार की पुत्री रेशम कुमारी (22) रविवार रात भोजन करने के बाद अपने बिस्तर पर सोने चली गई थी। रात करीब तीन बजे सोते समय किसी अज्ञात जीव के काटने की जानकारी परिजनों को हुई। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए फूलपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। रेशम का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। रेशम बीएड की छात्रा थी और दो बहनों में बड़ी थी। उसके परिवार में दो भाई मुन्ना और रणजीत तथा छोटी बहन रोशनी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस संबंध में अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि युवती की सर्पदंश से मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *