गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में हुआ सुखमनी पाठ

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सुखमनी पाठ का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर जनपद सहित आसपास के कई जनपदों से बड़ी संख्या में संगतें गुरुद्वारा पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कार सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गुरुद्वारा के जत्थेदार सतनाम सिंह ने बताया कि यह ऐतिहासिक गुरुद्वारा सिख धर्म की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यह पवित्र स्थल श्री गुरु नानक देव जी, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी तथा बाबा श्री चंद्र जी की चरण पादुका एवं तपोस्थली के रूप में विख्यात है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा के विकास एवं उत्थान के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए कमरों, विशाल मीटिंग हॉल तथा बरामदों के निर्माण की कार सेवा प्रारंभ की गई है, जिसमें संगतें तन, मन और धन से सहयोग कर रही हैं।
सुखमनी पाठ के उपरांत श्रद्धालुओं ने गुरु वाणी का श्रवण किया तथा भजन-कीर्तन में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर गुरु का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कार सेवा में अपना योगदान दिया। आयोजकों ने सभी संगतों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार धर्म एवं सेवा के कार्यों में सहयोग की अपील की।
इस मौके पर सतनाम सिंह, जगदीश सिंह, लाडी सिंह, लोचन सिंह, गुरुप्रीत सिंह, रमन सिंह, मोहम्मद राशिद, आफताब आलम, कमलेश गौड़, चन्द्र शेखर यादव आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *