पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना कन्धरापुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त ने रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ऐंठ लिये थे और विश्वास दिलाने के लिए फर्जी टीटी आईडी कार्ड तक तैयार कर दिया था।
थाना कन्धरापुर क्षेत्र के ग्राम इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव पुत्र स्वर्गीय बहोर यादव ने सात मई को थाना कन्धरापुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके पुत्र अमन को रेलवे में टीटी के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक पुत्र विनोद कुमार श्रीवास्तव निवासी कमला नगर कॉलोनी, थाना लालपुर पाण्डेयपुर, जनपद वाराणसी द्वारा कुल 9 लाख 63 हजार 500 रुपये की धनराशि ले ली गयी।
आरोप है कि अभियुक्त ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए युवक का फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी बनवा दिया, जिससे परिवार को विश्वास हो गया कि नौकरी लग चुकी है। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली और पैसा वापस मांगा गया तो अभियुक्त गाली-गलौज करने लगा और धमकी देने लगा।
इस मामले में मुकदमा दर्ज कर थाना कन्धरापुर पुलिस आरोपी की तलाश में थी। शुक्रवार को अभियुक्त अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहा से सुबह गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
रिपोर्ट-बबलू राय