अतरौलिया-अम्बेडकर नगर बार्डर पर बनेगी नई पुलिस चौकी

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने थाना अतरौलिया क्षेत्र के ग्राम गोपली पट्टी भेदौरा में नई पुलिस चौकी के निर्माण हेतु भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
यह नई पुलिस चौकी थाना अहरौला और पड़ोसी जनपद अम्बेडकर नगर की सीमा पर स्थित है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इस चौकी की स्थापना से क्षेत्र में गोकशी, राहजनी, छिनैती और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से लगाम कसी जा सकेगी।
एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि निर्माणाधीन पुलिस चौकी को पूरी तरह अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। इसमें पुलिस कर्मियों के लिए कार्यालय, आरक्षी आवास, आधुनिक मेस और शौचालय सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे पुलिस बल को क्षेत्र में चौबीसों घंटे सक्रिय रहने और अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई करने में बड़ी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर एसडीएम बूढ़नपुर, थाना प्रभारी अतरौलिया, क्षेत्रीय लेखपाल सहित आसपास की चार ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान और क्षेत्र के तमाम संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस प्रशासन के इस कदम की सराहना की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *