अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 30 एवं 31 मई को अतरौलिया में भव्य वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। स्वर्गीय दादा नौमी यादव प्रधान की पावन स्मृति में आयोजित “हाजी रज्जाक अंसारी मेमोरियल ऑल यूपी वॉलीबॉल टूर्नामेंट” की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाली नामचीन टीमें हिस्सा लेंगी और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन सीमा हॉस्पिटल के सामने, अतरौलिया में प्रतिदिन सायं 4 बजे से किया जाएगा। आयोजक मंडल ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में काफी उत्साह है। आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। प्रतियोगिता के आयोजक शमीम अंसारी (पत्रकार) एवं साहुल यादव हैं, जबकि संयोजक की जिम्मेदारी सुशील मिश्रा निभाएंगे। उक्त आशय की जानकारी हाजी रज्जाक अंसारी के पुत्र एवं आयोजक शमीम अंसारी ने दी है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद