अंतरजनपदीय चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

शेयर करे

ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना बरदह पुलिस ने अंतरजनपदीय चोरी गिरोह के पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। इनके कब्जे से ग्राम असवनिया स्थित राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय से चोरी गया करीब सवा सात लाख रुपये से अधिक का सामान बरामद हुआ है। साथ ही सीवी इंटर कॉलेज से चोरी किए गए रुपयों में से शेष 2000 रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 18 मई की रात ग्राम असवनिया स्थित दो विद्यालयों में चोरी की बड़ी घटना हुई थी। चोर विद्यालयों से 15 सोलर प्लेट, डिजिटल बोर्ड, सीपीयू, प्रिंटर, बैटरी, स्टेबलाइजर, सीसी टीवी, गैस सिलेंडर समेत कई महंगे उपकरण चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार जांच में जुटी थी।
सोमवार देर रात पुलिस पारा मोड़ पर गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान लेकर एक वाहन जौनपुर की ओर जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर टाटा मैजिक वाहन को रोक लिया। वाहन में सवार पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आदित्य सिंह निवासी कम्हरिया थाना तरवा, विपिन सिंह निवासी असवनिया थाना बरदह, राहुल राजभर निवासी गोठाव थाना बरदह, संदीप सरोज निवासी इरनी थाना बरदह तथा रवि राव निवासी नामदारपुर थाना कंधरापुर शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि चोरी की योजना गांव के ही विपिन सिंह ने बनाई थी। सभी आरोपी निर्माणाधीन पानी की टंकी पर इकट्ठा हुए और रात में विद्यालयों का ताला तोड़कर सोलर प्लेट, इनवर्टर, बैटरी, डिजिटल बोर्ड, स्म्क् टीवी और अन्य सामान चोरी कर वाहन में लादकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 15 सोलर प्लेट, इंडेन गैस सिलेंडर, ओकाया बैटरी, स्टेबलाइजर, सीपीयू, एलइडी टीवी, दो डिजिटल बोर्ड, माउस, रस्सा तथा टाटा मैजिक वाहन बरामद किया हैं।
रिपोर्ट-एमके राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *