बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकासखंड कोयलसा के सरैया गांव में इंटरलॉकिंग सड़क पर जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़क पर पानी जमा रहने के कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि इंटरलॉकिंग सड़क पर पानी जमा रहने से कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी रहती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को काफी दिक्कत होती है। बरसात न होने के बावजूद नाली की समुचित व्यवस्था न होने से सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे और बूढ़े मच्छरों के काटने से बीमारी के शिकार हो रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि यदि जल्द ही जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर इंटरलॉकिंग सड़क से जलजमाव की समस्या दूर कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस बार पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान को ठेंगा दिखाने का काम करेंगे।
इस मौके पर इशरावती, सोनाराजी देवी, सोना देवी, जगमोहनी, कौशल्या प्रजापति, बृजमोहन प्रजापति, हौसला चंद्र कनौजिया, लल्लन प्रजापति, मनीष, बहाऊ आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह