आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ एबीवीपी ने प्रदर्शन करते हुए कुलसचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने कुलपति को ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न गंभीर मुद्दों पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रांत मंत्री शशिकांत मंगलम ने बताया कि 28 अप्रैल को कुलसचिव कार्यालय में कार्यरत बाबू संजय यादव को रंगे हाथों पकड़ा गया जिन्होंने प्रारंभिक स्तर पर कुलसचिव की संलिप्तता स्वीकार की है। इस प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच पूर्ण होने तक कुलसचिव को पदमुक्त करने तथा दोषियों को सेवा से निष्कासित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा परीक्षा शुल्क 800 रुपये निर्धारण के बावजूद विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में एक हजार से 1265 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। इस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाय। इन्हीं गतिविधियों के कारण विश्वविद्यालय की छवि धूमिल हो रही है और प्रशासनिक पारदर्शिता व कार्यप्रणाली बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही अनियमितताओं पर रोक नहीं लगायी गयी तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार